बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का निर्माण अधूरा है। एनएचएआई ने निर्माण कंपनियों को 10 अप्रैल तक का लक्ष्य दिया है, लेकिन यह पूरा होता नहीं दिख रहा है। एक्सप्रेस-वे अधूरा होने से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा भी खटाई में पड़ सकता है। पीएमओ ने प्रधानमंत्री के दौरे को हरी झंडी दे दी थी, लेकिन निर्माण अधूरा होने के कारण इसे आगे खिसकाया जा सकता है।
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बागपत के 11 गांव से होकर गुजरता है, लेकिन 20 किमी के टुकड़े का निर्माण पूरा नहीं हुआ है। यमुना नदी पर पुल आधा अधूरा है, जबकि दिल्ली-सहारनपुर हाइवे के ओवरब्रिज का काम भी पूरा नहीं हो सका है। इसी तरह खेकड़ा में रेलवे ओवरब्रिज का काम अधूरा है। क्षेत्र के विकास का कार्य तो अधिकतर जगह अधूरा है। एक्सप्रेस-वे की एक साइड का काम तेज गति से चल रहा है, जबकि दूसरी साइड को अधूरा छोड़ा गया है। सोनीपत के सेवली में टोल प्लाजा और बागपत के मवी कलां में मिनी टोल प्लाजा का कार्य अधूरा है, इसके तहत 10 अप्रैल तक पूरा होने की संभावना कम ही है। ऐसे में सवाल है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अप्रैल को कैसे एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। पीएम को सेवली में ही पहुंचना है और सबसे अधिक कार्य यहीं पर बचा हुआ है। एनएचएआई अधिकारियों का कहना है कि उन्हें 10 अप्रैल तक का टास्क मिला है, इसके लिए उन्होंने ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री के दौरे को देखकर सड़क एवं परिवहन मंत्रालय के सचिव युद्धवीर सिंह मलिक, एनएचएआई के सदस्य नीरज वर्मा समेत कई अफसर दौरा कर चुके हैं।
प्रत्येक 20 किमी पर मिलेगी एंबुलेंस
एक्सप्रेस-वे की कई खूबियां होंगी। एक्सप्रेस-वे पर प्रत्येक 20 किमी पर एंबुलेंस के अलावा क्रेन भी उपलब्ध रहेगी।
दिल्ली के चारों ओर बनेगी रिंग रोड
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पूरी तरह एक्सिस कंट्रोल रहेगा। इसकी शुरूआत होने के बाद पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश जाने के लिए अब लोगों को दिल्ली में एंट्री करने की जरूरत नहीं रहेगी। वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे के साथ मिलकर दिल्ली के चारों ओर रिंग रोड बन जाएगी।
बागपत में यहां से गुजरता है एक्सप्रेस-वे
ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे बागपत में करीब 20.125 किमी तक होकर जाएगा। बागपत के गांव काठा, मवी कलां, खेकड़ा, रावण उर्फ बड़ा गांव, नंगला बहेड़ी, लहचौड़ा, गौना, सिंगौली तगा, शरफाबाद, आलम गिरपुर उर्फ टुकाली एवं फुलैरा गांव से होकर एक्सप्रेस-वे गुजरेगा।
टल सकती है उद्घाटन की तिथि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभावित तौर पर 15 अप्रैल को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। निर्माण अधूरा होने के चलते संभावना जताई जा रही है कि यह तारीख 30 अप्रैल तक बढ़ाई जा सकती है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। पहले 31 मार्च को होना था। इसके लिए फिर पांच अप्रैल की तारीख तय की गई। इसके बाद एनएचएआई ने 15 अप्रैल की संभावित तारीख तय की है।