अमीनगर सराय (बागपत)। अमर उजाला की मुहिम रंग लाने लगी है। सिंघावली अहीर गांव में जलभराव की दस साल पुरानी समस्या को मुद्दा बनाया तो समाधान के लिए सिस्टम भी जागने लगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और बीडीओ पिलाना अन्नपूर्णा गर्ग ने गांव में पहुंचकर समस्या को देखा। ग्रामीणों से बातचीत की और समाधान का भरोसा दिया। जल्द ही राजस्व विभाग की टीम गांव पहुंचकर जमीन का सर्वे करेगी।
सिंघावली अहीर गांव की गलियों में पिछले करीब 10 साल से जलभराव की समस्या बनीं हुई हैै। ग्रामीणों का कहना था कि बरसात के दिन में उनके घरों में भी पानी भर जाता है। मंदिर और मस्जिद में जलभराव देखा जा सकता है। अमर उजाला ने ग्रामीणों की समस्या को 17 फरवरी के अंक में प्रमुखता के साथ उठाया। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने आमजन की समस्या के मामले का संज्ञान लिया। सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा गर्ग पिलाना ब्लॉक की टीम के साथ गांव पहुंची। जलभराव देखा और समस्या की वजह की जानकारी जुटाई। ग्राम प्रधान सतबीर यादव से भी उन्होंने समस्या की बाबत पूछा। गर्ग के पहुंचते ही आसपास के घरों के लोग भी पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना था कि वह नरकीय जिंदगी जी रहे हैं, जलनिकासी कराई जानी चाहिए। भरोसा दिलाया कि जल्द ही समस्या का समाधान कराया जाएगा।
प्रधान ने कहा कि मुआवजा देने के लिए तैयार
ग्राम प्रधान सतबीर यादव का कहना था कि नाला खुदाई या सीवर डालने के दौरान जिन किसानों का नुकसान होगा, वह उनके नुकसान की भरपाई कराने का प्रयास करेंगे। समस्या लंबे समय से बनीं हुई है। ग्रामीणों को प्रशासन के साथ मिलकर इसका समाधान करना होगा।
राजस्व विभाग की टीम जाएगी गांव
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का कहना है कि जल्द ही राजस्व विभाग की टीम गांव जाएगी और नाले के लिए जमीन की पैमाइश करेगी। समस्या के समाधान के लिए योजना बनाकर कार्य होगा और जल्द ही समाधान हो जाएगा।