चांदीनगर (बागपत)। मंसूरपुर गांव के किसान के खेत में विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। इससे खेत में खड़ी ईख की तीन बीघा फसल जल गई। गुस्साएं ग्रामीणों ने विद्युत निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर पीड़ित को मुआवजा देने की मांग की।
मंसूरपुर गांव निवासी किसान उजेंद्र सिंह के खेत के ऊपर से विद्युत लाइन गुजर रही है। जो जर्जर है। बुधवार को खेत में विद्युत लाइन टूटकर गिर गई। इससे गन्ने की फसल में आग लग गई। आग की लपटे उठती देखकर ग्रामीण खेत की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक करीब तीन बीघा ईख की फसल जल चुकी थी। पीड़ित किसान ने कहा लाइन के तारों को बदलवाने के लिए कई बार अफसरों से शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। गुस्साएं ग्रामीणों ने निगम के खिलाफ नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और पीड़ित किसान को मुआवजा देने की मांग की। उल्लेखनीय है कि इससे पहले सरूरपुर, लुहारा गांव समेत कई स्थानों पर फसल जल चुकी है।