बागपत। दुग्ध विकास, संस्कृति, धर्मार्थ कार्य, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेश के जिन मदरसों में स्वतंत्रता दिवस नहीं मनाया, तिरंगा नहीं फहराया, उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। इसकी वीडियो मंगवाई जा रही है।
मेरठ रोड स्थित भाजपा नेता एडवोकेट रामपाल नेहरा के आवास पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा सरकार ने किसानों के हितों के लिए कार्य किया। परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा की स्थिति बेहद खराब थी। सूबे में भाजपा की सरकार बनने के बाद स्थिति में सुधार आया है। छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ रहा है। अब ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध हो इसके लिए पांच से 50 लाख तक का लोन की व्यवस्था की है। ब्रजघाट (गढ़मुक्तेशर) के लिए 35 सौ करोड़ का प्लान तैयार किया है। इसके अलावा मथुरा, अयोध्या, वाराणसी सहित अधिकांश जगह कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा स्वतंत्रता दिवस के दिन जिन मदरसों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, राष्ट्र ज्ञान, शहीदों को श्रद्धांजलि, झंडा रोहण जैसे कार्यक्रम नहीं हुए उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। कार्यक्रमों की वीडियो मंगवाई जा रही है। काफी जिलों से वीडियो उन्हें अभी तक मिल चुकी है। जहां से नहीं आयी है इसकी जांच कराई जा रही है। उनके साथ बड़ौत विधायक केपी मलिक मौजूद रहे।