बड़ौत (बागपत)।
गन्ना पेराई सत्र 2017-18 शुरू होने में भले ही अभी कई महीने बाकी हो, लेकिन अभी से ही किसानों ने गन्ने की छिलाई के लिए मजदूरों की तलाश शुरू कर दी। किसानों नेे रेलवे स्टेशन के आसपास डेरा डालकर ट्रेनों में मजदूरों को तलाशना शुरू किया । इतना ही नहीं मजदूरों की तलाश में कुछ किसानों ने दिल्ली, बिहार, नेपाल आदि के लिए कूच कर दिया ।
आगामी गन्ना पेराई सत्र के लिए नगर के रेलवे स्टेशन मेें आजकल क्षेत्रवासी किसान प्रवासी मजदूरों को तलाशते नजर आने शुरू हो गए हैं। आए दिन किसानों की संख्या मेें बढ़ोत्तरी हो रही है। ऐसे किसानों का ज्यादातर समय स्टेशन परिसर में ही गुजरता है। इतना हीं नहीं किसानों में मजदूरों को एक-दूसरे से पहले लाने की होड़ मची है। स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही किसान ट्रेनों के डिब्बे में घुसकर मजदूरों की तलाश करते देखे जा सकते हैं। बहुत से किसान मजदूर की तलाश में दिल्ली, बिहार, नेपाल, बंगाल आदि जगहों के लिए रवाना हो चुके हैं, जो कई-कई दिनों बाद मजदूरों को लेकर लौटते हैं।
क्षेत्र के जयवीर तोमर, राजवीर तोमर, यशवीर तोमर, बिजेन्द्र, रूपेंद्र, बलबीर, महक सिंह आदि ने कहा जनपद बागपत में गन्ना की फसल मुख्य फसलों मेें से एक है। उन्होंने कहा क्षेत्र में कश्यप, चमार सहित अन्य बिरादरी के लोगों ने खेती से तौबा कर ली है, फसली सीजन पर भी किसानों की मदद नहीं करते है, इसलिए गन्ना की छिलाई के लिए मजदूरों की तलाश करनी पड़ती है।