एनएमए अजय की तैनाती का मामला विस में गूंजा
बागपत। स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों की एक ही जगह तैनाती का मामला विधानसभा में उठाया गया। नजीबाबाद के विधायक तसलीम अहमद ने स्वास्थ्य विभाग के एनएमए अजय कुमार की बागपत में 24 साल से तैनाती बताकर कार्रवाई करने की मांग की।
विधायक ने विधानसभा में नियम 51 के अंतर्गत यह मामला रखा। उन्होंने कहा बागपत स्वास्थ्य विभाग में भ्रष्टाचार चरम पर है। शासन के आदेशों को दरकिनार कर कर्मचारी लंबे समय से तैनात हैं। एनएमए अजय कुमार मूल रूप से बागपत के ही होने के बावजूद इसी जिले में पिछले 24 साल से तैनात हैं। झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए नोडल अधिकारी का उन्हें सहायक बनाया है। उन पर आठ लाख रुपये महीने की वसूली का आरोप भी लगाया। स्वास्थ्य विभाग के निदेशक से भी शिकायत की। इनके मामले में स्थानांतरण नीति का भी पालन विभाग नहीं कर रहा है। मामले की जांच कराने की मांग रखी। उधर, एनएमए अजय कुमार ने कहा उनके ऊपर लगाए गए भ्रष्टाचार के सभी आरोप बेबुनियाद है।