संवाद न्यूज एजेंसी
बड़ौत (बागपत)। अमीनगर सराय रोड स्थित फैक्टरी मालिक से 20 लाख की रंगदारी मांगने के मामले का शनिवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर खुलासा कर दिया। पकड़े गए आरोपियों से रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल, दो तमंचे, तीन कारतूस व एक खोखा भी बरामद हुआ है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों प्रेमिका को घुमाने-फिराने और उसके खर्चे पूरे करने के लिए यह रंगदारी मांगी थी।
सीओ युवराज सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में शोएब पुत्र तकी निवासी अतिशय कालोनी और परवेज पुत्र शहीद निवासी निवाड़ी जनपद गाजियाबाद शामिल है। दोनों ने हाल ही में गुराना रोड निवासी नकुल का भी मोबाइल चोरी कर लिया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि प्रेमिका को घुमाने फिराने के खर्चे पूरे नहीं हो रहे थे। इसलिए फ्लोर मिल की मशीन बनाने वाले खालिद निवासी अतिशय कालोनी को मेसेज भेजकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। पता नहीं था कि बाद में पकडे़ जाएंगे। दोनों से दो तमंचे, तीन कारतूस, एक खोखा, रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल और चोरी किया गया दूसरा मोबाइल भी बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजा दिया गया है।