बागपत। पुलवामा में सीआरपीएफ की गाड़ी पर हुए आतंकी हमले से जिले में गम और गुस्से का माहौल है। लोगों का कहना है कि आतंकी संगठन के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। नेशनल हाईवे पर मानव बम के चलने और सुरक्षा एजेंसियों को पता नहीं चलने पर भी सवाल उठाया गया। लोगों ने कहा पुलिस चेकिंग या सेना की चेकिंग में यह मानव बम क्यों नहीं पकड़ा गया। सरकार को इस पर जवाब देना चाहिए।
हमले की जानकारी मिलते ही लोगों के बीच गम और गुस्से का माहौल नजर आया। कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष राम कुमार चौधरी ने कहा कि सरकार को कठोर कदम उठाने चाहिए। एक साथ 30 से अधिक जवान शहीद हुए हैं, मामले की जांच होनी चाहिए।
युवा रालोद के जिलाध्यक्ष प्रमेंद्र तोमर ने कहा कि सरकार के लापरवाही भरे रवैये के चलते सैनिकों को जान गंवानी पड़ी। सरकार को जवाब देना चाहिए। केंद्र की सरकार पूरे प्रकरण में फेल साबित हुई है।
भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर ने कहा कि सैनिकों की शहादत से हर कोई गमजदा है। सरकार को निष्पक्ष जांच कराकर ऐसे आतंकवादी संगठन पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।
सपा जिलाध्यक्ष मनोज चौधरी ने भी आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि सरकार फेल साबित हो गई है। घाटी को लेकर सिर्फ चुनावी बातें की जाती है।
रालोद ने कड़ी निंदा की। मंडल महासचिव ओमवीर ढाका ने बताया कि पार्टी कार्यालय पर बैठक हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस्तीफे की मांग की। डॉ प्रेरणा जैन, नितिन जैन, अनिरुद्ध शर्मा, विक्रम पांचाल, योगेंद्र पाबला, अनीता और सतेंद्र मौजूद रहे।
दोघट। झुंडपुर गांव में प्रधान संजीव देशवाल के आवास पर शोकसभा हुई। इसमें जम्मू कश्मीर के पुलवामा में आतंकी हमले में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि दी। सरकार से आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शहीदों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये आर्थिक सहायता देने की मांग की। इसमें प्रधान संजीव देशवाल, जयप्रकाश, इंद्र, अरविंद, हरपाल, नरेंद्र, सुधीर, संत कुमार, यशपाल, मास्टर कृष्ण, रामवीर, देवकी, रविंद्र आदि उपस्थित रहे।