बड़ौत (बागपत)। बकाया गन्ना भुगतान को लेकर सोमवार को छछरपुर गांव में कई गांवों के किसानों की हुक्का पंचायत हुई। इसमें समस्या पर आक्रोश जताया। पंचायत में जन जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया । साथ ही मिल और प्रशासनिक अफसरों को जल्द भुगतान न होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
पंचायत की अध्यक्षता ग्राम प्रधान संजीव कुमार ने की। संचालन छछरपुर गांव के ग्राम प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने किया। पंचायत में छछरपुर, बावली, गूंगा खेड़ी, कासिमपुर खेड़ी, जिवाना, किशनपुर बराल व बिजरौल गांव के काफी संख्या में किसान एकत्रित हुए। पंचायत में प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने कहा कि पिछले कई साल से क्षेत्र की चीनी मिलें किसानों का करोड़ों रुपये दबाएं बैठी हैं। इस कारण क्षेत्र के किसानों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। बकाया गन्ना भुगतान न होने के कारण न तो किसान बेटियों की शादी ही कर पा रहा है और न ही परिवार का खर्च चला पा रहा है। स्कूल मेें फीस जमा न होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। प्रधान संजीव ने कहा कि यदि जल्द ही चीनी मिलों ने किसानों का बकाया गन्ना भुगतान नहीं दिया तो क्षेत्र के किसान आंदोलन करेंगे। पंचायत में जन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को समस्याओं के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया। पंचायत में विकास, किरण पाल, सुरेंद्र, नीरज, संजय कुमार आर्य, ओमकार आदि रहे।