बड़ौत (बागपत)। बिनौली रोड स्थित सिंडिकेट बैंक की शाखा पर बृहस्पतिवार को पासबुक न मिलने से आक्रोशित खाताधारकों ने नाराजगी जताई और हंगामा करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंचे शाखा प्रबंधक ने उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
बृहस्पतिवार को काफी संख्या में खाता धारक सिंडिकेट बैंक शाखा पर पहुंचे और पासबुक लेने के लिए लाइन मेें खडे़ हो गए। घंटों इंतजार के बाद जब पासबुक नहीं मिली तो उन्होंने प्रदर्शन किया। खाता धारकों का कहना था कि उन्हें पिछले एक सप्ताह से पासबुक नहीं मिल पा रही है। अन्य बैंक संबंधित कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं, जिस कारण परेशानियां बढ़ रही है। सूचना पर शाखा प्रबंधक खुशरेंद्र और कर्मचारी भूपेंद्र मौके पर पहुंचे और उन्हें समझा बुझाकर शांत किया।
शाखा प्रबंधक खुशरेंद्र ने बताया कि बैंक फिलहाल कर्मचारियों की कमी से जूझ रहा है। बैंक मेें 12 से 14 कर्मचारियों की आवश्यकता है, लेकिन फिलहाल 5-6 कर्मचारी ही तैनात हैं। कार्य की अधिकता को देखते हुए सुबह दस बजे के बजाए बैंक को नौ बजे खोल दिया जाता है और शाम 6 से 7 बजे तक बैंक खोलकर ग्राहकों का लेन-देन का कार्य किया जा रहा है। पासबुक ऊपर से नहीं मिल पा रही है। इस संबंध में बैंक के आला अफसरों को पत्र लिखकर अवगत कराया जा चुका है। इसमें दीपक, रविंद्र, सागर, सत्यवीर, शेखर, मुकेश, संजीव आदि रहे।