निरपुड़ा में दो मवेशियों की मौत
दोघट। निरपुड़ा गांव में एक सप्ताह से पशुओं में फैली बीमारी रुकने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को बीमारी से दो मवेशियों की मौत हो गई। ग्रामीणों में दहशत फैली हुई है। पशु पालन विभाग बीमारी के प्रति गंभीर नहीं दिख रहा।
निरपुड़ा गांव में एक सप्ताह में किसी अज्ञात बीमारी से एक दर्जन मवेशियों की मौत हो चुकी है। पशु पालन विभाग बीमारी को कंट्रोल नहीं कर पा रहा है। बुधवार को पशु पालक सत्यपाल और सतेंद्र की एक-एक भैंस की बीमारी के चलते मौत हो गई जबकि दर्जनों पशु बीमार है। इसे लेकर ग्रामीण चिंतित हैं। ग्रामीण का कहना है कि पशु पालनविभाग इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पूर्व प्रधान कृष्णपाल राणा ने बताया कि कई बार मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को बीमारी से अवगत कराया गया। उन्होने बामनौली व बिनौली पशु स्वास्थ्य उपकेंद्रों से पशु चिकित्सकों को भेजे। एक दिन गांव में घूमने के बाद पशु चिकित्सक वापस नहीं आए। उन्होंने बीमारी की रोकथाम की मांग की।