बागपत। परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक सत्र शुरू हुए एक माह और आठ दिन बीत गए हैं। लेकिन अभी तक अंतरजपदीय स्थानांतरण के बाद शिक्षकों को तैनाती नहीं मिली है। जिनकी काउंसलिंग हो गई है, उन्हें पद स्थापना के पत्र देरी से बांटे गए। और तो और अभी तक गणित और विज्ञान विषय के शिक्षकों की काउंसिलिंग भी नहीं हुई। इससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
दो जुलाई से शैक्षिक सत्र शुरू हो गया था। जिले में 45 शिक्षकों का स्थानांतरण अन्य जनपद के लिए हुआ और दूसरे जनपदों से यहां 115 शिक्षक पहुंचे। शिक्षकों को विद्यालयों का आवंटन करने के लिए 23 जुलाई को काउंसिलिंग निर्धारित की गई थी। प्राथमिक विद्यालयों के 66 शिक्षकों की तो काउंसिलिंग हो गई थी, लेकिन 49 गणित और विज्ञान के शिक्षकों में आवेदनों में विषय स्पष्ट न होने के कारण काउंसिलिंग लटक गई। इसके अलावा दो सप्ताह बाद 66 शिक्षकों को पद स्थापना के प्रमाणपत्रों का वितरण किया गया। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि गणित और विज्ञान के शिक्षकों की काउंसिलिंग कब तक हो होगी। हर रोज शिक्षक विद्यालयों से संपर्क कर इसकी जानकारी लें रहे हैं। अब 13-14 अगस्त को काउंसिलिंग होने की संभावना है। बीएसए चंद्रकेश सिंह ने बताया कि गणित-विज्ञान के शिक्षकों की काउंसिलिंग जल्द कराई जाएगी। प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षकों को पद स्थापना के पत्र जारी हो गए हैं।