बागपत। पुलिस प्रशासन ने शब-ए-बारात के मद्देनजर जिले में अलर्ट जारी किया। पुलिस ने सोमवार को संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थलों पर फ्लैग मार्च निकालकर त्योहार को आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की।
मंगलवार को जिले में जगह-जगह शब-ए-बारात पर कार्यक्रमों के आयोजन किए जाएंगे। इस त्योहार को शांति पूर्वक मनाने के लिए पुलिस अफसर अलर्ट रहेंगे। पुलिस ने जगह-जगह होने वाले कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई है। अतिसंवेदनशील बरनावा गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया । इस त्योहार पर गांव में इस्तमा का आयोजन होता है। इसमें भारी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचेंगे। सोमवार को जिले में संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों पर पुलिस ने पैदल मार्च किया और त्योहार को सौहार्द पूर्वक मनाने की अपील की। सीओ बड़ौत रामानंद कुशवाहा ने पुलिस बल के साथ बरनावा गांव में फ्लैग मार्च किया। उन्होंने लोगों को अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। वहीं चांदीनगर क्षेत्र में थानाध्यक्ष राजेश भारती के नेतृत्व में पैदल मार्च किया। इस संबंध में एसपी जयप्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। बरनावा में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस अफसर भी अलर्ट रहेंगे और हर गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। किसी ने शब-ए-बारात पर माहौल खराब करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।