बड़ौत (बागपत)।
एक्सईएन प्रथम कार्यालय में तैनात प्राइवेट लाइनमैन द्वारा दलालों और कर्मचारियों के साथ मिलीभगत कर उपभोक्ताओं से की जा रही अवैध वसूली के विरोध में हिंदू युवा वाहिनी कार्यकर्ताओं ने कार्यालय में प्रदर्शन किया। उन्होंने प्राइवेट लाइनमैन को जल्द न हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को जिलाध्यक्ष नितिन चौधरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता एक्सईएन प्रथम कार्यालय में पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा एक्सईएन प्रथम कार्यालय में तैनात प्राइवेट लाइनमैन दलालों और कर्मचारियों की मिलीभगत से उपभोक्ताओं से नया विद्युत कनेक्शन दिलाने, त्रुटि पूर्ण बिल ठीक कराने, विद्युत कार्यालय में बिल जमा कराने, लोड बढ़ाने व घटाने सहित मीटर को नो डिस्पले व रींडिग कम कराने सहित चेकिंग अभियान के बहाने उपभोक्ताओं से जमकर अवैध वसूली कर रहा है। आरोप लगाया कि जो दलाल मुख्य शिकायत केंद्र पर सक्रिय हैं, वे अब एसई की सख्ती के चलते एक्सईएन प्रथम कार्यालय में सक्रिय हो गए है और प्राइवेट लाइनमैन की मदद से उपभोक्ताओं से अवैध वसूली कर रहे हैं। शिकायत के बाद भी प्राइवेट लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही हैं। उन्होंने जल्द कार्रवाई न होने पर एसई मुख्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी। इनमेें नरेंद्र सिंह, सोहन पाल, रणजीत सिंह, जगपाल सिंह, चिराग, शिव कुमार, दीपक, विक्की चौधरी आदि रहे। दूसरी तरफ एक्सईएन प्रथम राहुल शर्मा ने कहा जल्द ही प्राइवेट लाइनमैन के खिलाफ कार्रवाई होगी।