बड़ौत (बागपत)।
जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र के नाम पर हो रही अवैध वसूली रुकने का नाम नहीं ले रही है। दूसरे दिन भी बुधवार को कई गांव के ग्रामीणों ने ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया और जांच कर कार्रवाई की मांग उठाई। मांग पूरी न होने पर ब्लाक मुख्यालय पर धरना शुरू करने की चेतावनी दी।
मंगलवार को बावली, मलकपुर, रुस्तमपुर, ढिकाना, लुहारी, बड़ावद आदि गांवों के ग्रामीणों ने ब्लाक कार्यालय पर जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के नाम पर हो रही अवैध वसूली के विरोध मेें प्रदर्शन किया । बुधवार को महावतपुर, सिनौली, जौहड़ी, आरिफपुर खेड़ी के ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर आरोप लगाया कि जन्म और मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने को लेकर छपरौली चुंगी स्थित सेंटर संचालक द्वारा 500 से 1000 रुपये वसूले जा रहे हैं। आरोप लगाया कि छपरौली चुंगी स्थित एक प्राइवेट कंप्यूटर सेंटर संचालक को अधिकांश सचिवों ने गोपनीय पास वर्ड दे रखे हैं। कंप्यूटर सेंटर संचालक से ही सचिव अवैध उगाही का खेल करा रहे हैं। बीडीओ प्रेमचंद ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है। जल्द ही प्रकरण की जांच कर कार्रवाई कराई जाएगी। इनमें सुधीर, सन्नी चौहान, रवि, सागर, शेखर, अजित, अंकित, दीपक तोमर शामिल रहे।