बड़ौत (बागपत)।
तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम लोकपाल ने शिकायतें सुनी। 60 शिकायतें आई, लेकिन एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। 13 विभाग के अधिकारी अनुपस्थित पाए जाने पर उनका स्पष्टीकरण मांगा गया है।
समाधान दिवस में बिजली, राजस्व, चकबंदी, पुलिस संबंधित 60 शिकायतें आईं। रंछाड़ गांव के रविंद्र हट्टी आदि ने गांव में किनौनी चीनी मिल के चार क्रय केंद्र व मलकपुर मिल के तीन क्रय केंद्रों पर पर्चियां कम भेजने की शिकायत की। देवेंद्र, जितेंद्र व अन्य छात्रों ने आरोप लगाया कि पट्टी चौधरान में कोचिंग सेंटर संचालक ने परीक्षा देने के लिए 35 हजार रुपये मांगे थे, लेकिन उनका रोल नंबर नहीं आया। उन्होंने इस मामले में कार्रवाई की मांग की। इब्राहिमपुर माजरा के विनोद, अनिल, अनुज, संदीप, पुष्पेंद्र, हरीश, राहुल, जयकुमार, राजकुमार ने खेल के मैदान पर कब्जा हटवाए जाने की मांग की। बड़ावद की चाहती पत्नी श्रीपाल ने शिकायती पत्र देकर बताया कि उसका एक पैर कटा हुआ है और आय का कोई साधन नहीं है। उसका विकलांग प्रमाण पत्र बनवाया जाए। समाधान दिवस में सीओ बड़ौत, एआरओ, सप्लाई इंस्पेक्टर बिनौली, सहायक अभियंता आरईएस, सहायक अभियंता विद्युत वितरण केंद्र प्रथम, लघु सिंचाई विभाग, नगर शिक्षा अधिकारी, ईओ बड़ौत, दोघट, छपरौली, एडीओ कृषि, एडीओ कॉपरेटिव के अनुपस्थित रहने पर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस मौके पर तहसीलदार मांगे राम, सीओ रमाला व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।