बड़ौत (बागपत)।
बिग शॉट शूटिंग एकेडमी पर बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्लेयर ने शूटरों के साथ अपना अनुभव साझा किया। इस दौरान उन्होंने जमकर निशानेबाजी की और मेधावी शूटरों को सम्मानित किया।
इससे पूर्व एकेडमी पर आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी नितिन तोमर, अंतरराष्ट्रीय शूटर अनु तोमर व एकेडमी की अध्यक्ष निर्मला तोमर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस मौके पर नितिन तोमर ने कहा कि कड़ी मेहनत से ही कोई व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल कर सकता है। उन्होंने शूटरों से अपने कबड्डी मैच के अनुभव को साझा किया। इस दौरान उन्होंने अंतरराष्ट्रीय शूटर अनु तोमर से शूटिंग के टिप्स लिए और जमकर निशानेबाजी की। उन्होंने मेधावी शूटरों को ट्राफी देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं, एकेडमी की अध्यक्ष निर्मला तोमर, सागर तोमर व सौरभ तोमर ने नितिन तोमर को शॉल भेंट कर सम्मानित कर आभार जताया। कार्यक्रम को सफल बनाने मेें निशांत त्यागी, रविंद्र सिंह, अनू तोमर का सहयोग रहा।