बागपत ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष
समेत तीन धोखाधड़ी का मुकदमा
दोघट। बागपत ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष विक्रम राणा के खिलाफ भट्ठा एसोसिएशन के नाम पर धन उगाही करने के मामले में डीएम के आदेश पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, विक्रम राणा का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
भट्ठा मालिक जितेंद्र कौशिक ने ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष विक्रम राणा निवासी निरपुड़ा के अलावा अमित, सुमित निवासी आजमपुर मुलसम पर आरोप लगाया कि भट्ठा एसोसिएशन के नाम उनसे कई बार धन वसूला गया। कई वर्षों से हर बार प्रदूषण का बहाना बनाकर उनसे और अन्य भट्ठा मालिकों से कभी 50 हजार, कभी 40 हजार तो कभी 20 हजार रुपये लिए गए। वापस मांगे तो देने से इंकार कर दिया गया। इस प्रकरण को लेकर भट्ठा मालिक डीएम से मिले थे। डीएम के आदेश पर तीन लोगों विक्रम, सुमित व अमित के खिलाफ दोघट थाने पर मुकदमा दर्ज कराया गया है।
इस मामले में एसओ दोघट चितवन कुमार ने बताया कि ईंट निर्माता समिति के अध्यक्ष विक्रम राणा समेत तीन लोगों पर डीएम के आदेश पर धोखाधड़ी से धन वसूलने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया है। उधर, विक्रम राणा का कहना है कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। एनजीटी के आदेश पर प्रशासन ने एक ईंट भट्ठे पर कार्रवाई की थी। इस प्रकरण से उनका कोई लेना देना नहीं है। समिति की बैठक बुलाकर अपना पक्ष रखा जाएगा।