बड़ौत (बागपत)।
लुहारी गांव के छात्रों ने गांव से बड़ौत आने वाले थ्री व्हीलर के चालकों द्वारा सवारियों से बदसलूकी, छात्राओं से छेड़छाड़ और मनमाने ढंग से सवारी बैठाने और मनमाना किराया वसूलने के विरोध में तहसील में प्रदर्शन किया। उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। बाद में उन्होंने बड़ौत डिपो पहुंचकर एआरएम का घेराव कर गांव से रोडवेज बस चलवाने की मांग की।
काफी संख्या में लुहारी गांव के छात्र तहसील पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा गांव से रोडवेज बसों का आवागमन नहीं है। थ्री व्हीलर टैंपो से ही हम बड़ौत आते हैं और जाते है। कुछ टैंपो चालक सवारियों के साथ अभद्रता करते हैं और छात्राओं के साथ छेड़छाड़ व गाली-गलौच व मनमानी ढंग से सवारी बैठाना व किराया वसूलते हैं। इससे आए दिन सड़क पर दुर्घटना बढ़ रही है।
उन्होंने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव से रोडवेज बस चलवाने और डग्गामार वाहनों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की। इसके बाद छात्र बड़ौत डिपो में एआरएम के पास पहुंचे और उनका घेराव कर गांव से रोडवेज बस चलवाने की मांग की। इनमें गौरव, सन्नी, नीशू दांगी, प्रेमपाल, दीपक दांगी, गौरव चौधरी, शुभम, राहुल, कोमल, गोलू, मोहित, विवेक, अमित दांगी, रितिक, अक्षय, आशु, सौरव, हैप्पी, अनुज, विक्की आदि रहे।