दोघट (बागपत)। कसबा दोघट के कुछ लोग घायल गोवंश को लेकर पशु चिकित्सालय पहुंचे। ग्रामीणों को अस्पताल में न तो पशु चिकित्सक मिले और न ही अन्य कर्मचारी। ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया।
बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे ग्रामीणों ने कहा अस्पताल में तैनात पशु चिकित्सक कभी-कभी आते हैं। अन्य कर्मचारी भी आए दिन गायब ही रहते हैं। पशु पालक अपने पशुओं का इलाज कराने अस्पताल लेकर आते हैं, लेकिन उन्हें यहां कोई नहीं मिलता। इस कारण उन्हें प्राइवेट चिकित्सक से पशुओं का इलाज कराना पड़ता है। अस्पताल में तैनात कर्मचारियों ने दीवार पर लिखा चिकित्सक का फोन नंबर भी मिटा दिया है, ताकि कोई उन्हें फोन न कर सके। चेतावनी दी यदि पशु चिकित्सक ने अस्पताल में आना शुरू नहीं किया तो वे धरना देकर बैठ जाएंगे। इसमें संजू पंवार, अनुज, अमर सिंह, अंकित चौधरी, प्रशांत पंवार, तरुण, गौरव, रविंद्र, उपेंद्र, विशाल, राहुल पंवार, सचिन आदि रहे।