डीएम से मिलकर किसानों ने मांगा मुआवजा
बागपत। हाईटेंशन लाइन का मुआवजा न मिलने के विरोध में पिछले दस दिन से अहैड़ा गांव में धरने पर बैठे किसानों का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डीएम से मिला। डीएम ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बागपत से बरसिया बिजली घर पर हाईटेंशन लाइन का निर्माण चल रहा था। अहैड़ा, दुड़भा, पाबला-बेगमाबाद, हरचंदपुर, ढ़िकौली समेत कई गांवों के किसानों ने अहैड़ा गांव में लाइन का काम रुकवा दिया था। जमीन के मुआवजे की मांग को लेकर किसान अहैड़ा गांव में नौ जून से धरने पर बैठे हुए हैं। एक किसान की शुक्रवार शाम अचानक हालत भी बिगड़ गई। इस मामले में किसानों का एक प्रतिनिधि मंडल भाकियू के जिलाध्यक्ष प्रताप गुर्जर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पर पहुंचकर डीएम से मिला। जिलाधिकारी भवानी सिंह खंगारौत ने उनकी समस्या सुनी। मौके पर रामपाल पंवार, जयवीर, इंद्रपाल, योगेश प्रधान, संजय प्रधान मौजूद रहे। फिलहाल किसानों का धरना जारी है। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, धरना जारी रहेगा।