बागपत। औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर ने चांदीनगर क्षेत्र के ललियाना गांव में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी की। लाइसेंस का नवीनीकरण और दवाओं के बिल नहीं दिखाने पर 35 हजार रुपये की दवा को जब्त किया। तीन दिन में अभिलेख न देने पर कार्रवाई होगी।
ललियाना गांव के लोगों ने औषधि निरीक्षक को शिकायत कर बताया कि बिना लाइसेंस के मेडिकल स्टोर संचालित किया जा रहा है। दवा के कोई भी अभिलेख नहीं है। सही दवा का वितरण नहीं किया जा रहा है। शिकायत का संज्ञान लेकर औषधि निरीक्षक वैभव बब्बर मंगलवार को ललियाना गांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने मेडिकल स्टोर के लाइसेंस को देखा। काफी पुराना लाइसेंस तो था, लेकिन नवीनीकरण नहीं था। इसके बाद सभी दवाओं के बिलों को मांगे । जांच के दौरान दवा विक्रेता संबंधित दवाओं के बिल नहीं दिखा सके। इस कारण टीम के सदस्यों ने स्टोर में रखी करीब 35 हजार रुपये की दवाओं को जब्त कर लिया। उन्होंने बताया कि तीन दिन में दवा विक्रेता ने अभिलेख नहीं दिखाई तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। औषधि निरीक्षक की छापेमारी से गांव में दवा बेच रहे लोग दुकानों को बंद करके फरार हो गए। छापेमारी से हड़कंप मच गया।