बड़ौत (बागपत)।
नगर में अतिक्रमण करने वालों का पुलिस प्रशासन का खौफ नहीं दिखाई दे रहा है। सोमवार को पुलिस प्रशासन ने नगर में कौताना रोड से नेहरू प्रतिमा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया, लेकिन वह व्यर्थ ही गया। मंगलवार को बाजार में अतिक्रमण पूरी तरह से हो गया और जाम की स्थिति भी बनी रही।
सोमवार को एसडीएम आशीष कुमार व सीओ रामानंद कुशवाहा के निर्देश पर पुलिस प्रशासन व नगर पालिका कर्मचारियों ने कौताना रोड से नेहरू प्रतिमा तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया और अतिक्रमण करने वालों से साढ़े सात हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला, लेकिन मंगलवार को बाजार में फिर वहीं स्थिति पैदा हो गई। बाजार में अतिक्रमण ही अतिक्रमण देखने को मिला। इससे बाजार में जाम की स्थिति बनी रही। लगता है कि अतिक्रमण करने वालों पर पुलिस प्रशासन का कोई खौफ नहीं है और यह स्थिति लाइलाज बनकर ही रह गई है। इस संबंध में एसडीएम आशीष कुमार ने कहा अब शक्ति से अतिक्रमण हटाने का कार्य किया जाएगा, क्योंकि यहां के लोग वैसे मानने वाले नहीं है।