बड़ौत (बागपत)। गांव में फैली गंदगी की शिकायत पर बुधवार को बीडीओ ने कई गांवों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान गांव मेें जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे मिले और सफाई कर्मचारी भी गायब मिले। इस पर बीडीओ ने फोन पर सफाई कर्मचारियों को जमकर लताड़ लगाई।
बीडीओ प्रेमचंद को पिछले दस दिनों से बरवाला, महावतपुर व कंडेरा गांव से सूचना मिल रही थी कि गांव में सफाई व्यवस्था चौपट है। गांव मेें फैली गंदगी के कारण संक्रामक रोग फैलने की आशंका बनी हुई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ प्रेमचन्द ने सभी गांवों का औचक निरीक्षण किया तो सफाई कर्मचारी भी गायब मिले। जगह-जगह गंदगी के ढेर देखकर बीडीओ आक्रोशित हो उठे और उन्होंने फोन पर सफाई कर्मचारियों को जमकर फटकार लगाई। बीडीओ ने भविष्य में शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद बीडीओ ने ब्लाक मुख्यालय पर पहुंचकर सचिवों की बैठक ली। जिसमें प्रधानमंत्री आवासीय योजना, राज्य वित्त व 14वें वित्त आयोग के तहत गांवों मेें कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। साथ ही गांव मेें स्वयं सहायता समूह बढ़ाए जाने व नियमित रूप से गांव मेें साफ-सफाई व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सचिव संजय, सुनीता, सचिन, विकुल, प्रिंस, विकास राठी, रोहित, रेशू, पूजा तोमर, एडीओ पंचायत रणधोल व सुनील सौलंकी मौजूद रहे।