बिनौली (बागपत)।
खंड विकास मुख्यालय बिनौली में सोमवार को बीडीसी सदस्यों की बैठक हुई। इसमें विकास कार्यों के लिए एक करोड़ 25 लाख के 40 प्रस्ताव ध्वनिमत से पारित किए।
इस बैठक में स्वास्थ्य विभाग के बीपीएम प्रवीण कुमार ने विभिन्न संक्रामक रोगों के कारण और निवारण, साफ़ सफाई रखने तथा विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में भी जनप्रतिनिधियों से सहयोग करने अपील की।
प्रभारी बाल विकास परियोजना अधिकारी सुभाष बाला ने आंगनबाड़ी केंद्रों, एडीओ कृषि संजय कुमार ने कृषि संबंधित जानकारी दी। बैठक में ब्लाक प्रमुख प्रवीण तोमर ने कहा कि क्षेत्र का विकास कराना ही उनका उद्देश्य है। उन्होंने सभी सदस्यों एवं ग्राम प्रधानों से भी विकास में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में पशुपालन, सहकारिता, सिंचाई, सर्व शिक्षा, जलनिगम, कृषि, कृषि रक्षा विभाग के अधिकारियों ने अपने अपने विभागों की जानकारी दी। बैठक में खंड विकास अधिकारी वेदप्रकाश द्विवेदी ने भी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। संचालन सहायक विकास अधिकारी योगेंद्र मलिक ने किया। इसकी अध्यक्षता ब्लाक प्रमुख प्रवीण तोमर ने की।