चांदीनगर (बागपत)। रटौल गांव में बुखार का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को बुजुर्ग की बुखार से मौत हो गई। इससे पहले दो मौत हो चुकी है। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से गांव में कैंप लगाने की मांग की।
रटौल गांव में पिछले दो माह से बुखार का प्रकोप जारी है। अब तक कई लोगों की जान जा चुकी है। ठंड बढ़ने के साथ ही बुखार ने फिर से लोगों को जकड़ना शुरू कर दिया है। गांव में सोमवार सुबह एजाज (65) की बुखार से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि कई दिन से बुखार था। स्थानीय डॉक्टरों को दिखाया, लेकिन लाभ नहीं हुआ। परिजनों ने बताया रविवार की रात में अधिक तबीयत खराब हो गई । इससे पहले गांव में साठ वर्षीय जरीना पत्नी इस्लाम और पचपन वर्षीय गुड्डी की मौत हो चुकी है। पिछले तीन दिन में तीन मौत से गम का माहौल है। ग्रामीणों ने कहा स्वास्थ्य विभाग से कई बार कैंप लगाने की मांग कर चुके हैं, लेकिन अनदेखी की जा रही है। उधर, सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा ने कहा बुखार से मौत की जांच कराई जाएगी। गांव में मेडिकल टीम भेजेंगे।