छपरौली (बागपत)। ईंटों से लदा ओवर लोड ट्रक अनियंत्रित होकर छपरौली थाने की दीवार पर पलट गया। इसकी चपेट में आने से दरोगा बाल-बाल बचे। आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया।
छपरौली कस्बे के जंगल में स्थित एक भट्ठे से ईंट लादकर ट्रक जा रहा था। इसमें साढ़े सात हजार ईंटें लदी थी। जैसे ही छपरौली थाने के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में अनियंत्रित हो गया और टायर नाली में धस गया। इस कारण ट्रक थाने की दीवार पर गिर गया। थाने में दीवार के पास पहले से ही बैठे दरोगा ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। इससे थाने में अफरा-तफरी मच गई। मौका मिलते ही आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक में बैठे तीन मजदूरों को हिरासत में ले लिया, साथ ही ट्रक को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने भट्ठा मालिक और ट्रक मालिक को मामले की सूचना दी।
दो माह पहले ट्रक ने तोड़ी थी बालैनी थाने की दीवार
बागपत। दो माह पहले ट्रक ने बालैनी थाने की दीवार तोड़ दी थी। आरोपी चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया था। उसकी चपेट में आने से भी पुलिसकर्मी बचे थे।