दोघट (बागपत)। गन्ना समिति बुढ़ाना के जेष्ठ गन्ना निरीक्षक संजय राठी ने क्षेत्र में कई कई गन्ना क्रय केंद्रों पर छापे लगाकर कांटों की जांच की। छापेमारी की सूचना पर तौल लिपिकों में हड़कंप मचा रहा।
क्षेत्र में भैसाना, खतौली और मंसूरपुर चीनी मिल के दाहा, गैडबरा भड़ल आदि गांवों में गन्ना क्रय केंद्रों पर सोमवार को अचानक जेष्ठ गन्ना निरीक्षक गन्ना समिति बुढ़ाना संजय राठी टीम के साथ छापेमारी करने पहुंचे। छापेमारी की सूचना से तौल लिपिकों में हड़कंप मचा रहा। उन्होंने जांच के दौरान तौल कांटे और भाड़े के लिए कांटों की दूरी की भी जांच की। इसके अलावा कांटों पर बीम स्केल, बाट, तंबू, पानी की बाल्टी आदि की व्यवस्था भी देखी। जांच के बाद संजय राठी ने बताया किसी भी कांटे पर घटतौली नहीं मिली, लेकिन अधिकांश कांटों पर साफ-सफाई नहीं मिली। इसे लेकर तौल लिपिकों को हड़काया और कहा यदि भविष्य में साफ सफाई में लापरवाही मिली तो भी कार्रवाई होगी। इस मौके पर भैसाना मिल के गन्ना प्रबंधक योगेंद्र डबास, सीनियर कैन मैनेजर भैसाना जितेंद्र पंवार, सहायक गन्ना प्रबंधक मनोज सोलंकी, राजीव बालियान आदि मौजूद रहे।