बड़ौत (बागपत)।
सामान्य प्रजाति का गन्ना न लेने और पर्चियां जारी न करने के विरोध में रविवार को क्षेत्र के किसानों ने रमाला चीनी मिल पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों का घेराव कर उन्हें खरी-खोटी सुनाई। बाद में तीन दिनों के अंदर समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी देकर किसान लौट गए।
रमाला मिल क्षेत्र के किसान सामान्य प्रजाति के गन्ने की पर्ची न मिलने से परेशान हैं। रविवार को क्षेत्र के कासिमपुर खेड़ी, सूप, तुगाना, किरठल, लूंब, किशनपुर, बराल आदि गांव के किसान काफी संख्या में इकट्ठा होकर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र सिंह प्रधान के नेतृत्व में मिल पहुंचे। वहां उन्होंने मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि पेराई सत्र शुरू हुए लगभग एक महीने हो गया है, लेकिन अभी तक मिल ने सामान्य प्रजाति का इंडेंट जारी नहीं किया है। सामान्य प्रजाति का गन्ना नहीं खरीदे जाने से किसान परेशान हैं। क्योंकि, क्षेत्र में ज्यादातर किसानों के खेतों में यही गन्ना खड़ा है। ऐसे में खेत खाली न होने से किसान गेहूं की बुवाई नहीं कर पा रहे हैं। पशुओं के लिए चारे का संकट भी बना है।
इस संबंध में कई बार किसान मिल के प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर गन्ना विभाग के अधिकारियों तक से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि अगले तीन दिन में इंडेंट पर्याप्त मात्रा में जारी नहीं किया गया, तो किसान मिल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। इस दौरान चेयरमैन राज्यपाल सत्यवीर स्वराज सिंह, वेद प्रकाश, धर्मवीर, राज कुमार, सुरेंद्र, बेदू सिंह, नितिन आदि मौजूद थे।