बड़ौत (बागपत)।
नगरवासियों ने रविवार को बिनौली बस स्टैंड के नजदीक एकत्रित होकर बड़ौत-बिनौली मार्ग की जर्जर हालत को लेकर प्रदर्शन किया और समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
रविवार को काफी संख्या में लोग शिव सेना कार्यकर्ता नंदू के नेतृत्व में एकत्रित हुए और प्रदर्शन किया। उसका कहना था कि यह मार्ग काफी जर्जर हो चुका है। इस मार्ग से प्रतिदिन दर्जनों गांवों के सैकड़ों राहगीर और वाहन चालक आवागमन करते हैं। इस कारण मार्ग में बने गहरे-गहरे गड्ढे आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। आरोप लगाया कि नगर निकाय चुनाव के चलते प्रतिदिन इस मार्ग से जिले के प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा अन्य जनप्रतिनिधि में गुजरते है, लेकिन उन्हें भी मार्ग की कोई चिंता नहीं है। कई बार मार्ग की मरम्मत कराएं जाने की मांग उठायी जा चुकी है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। एसडीएम अरविंद कुमार द्विवेदी का कहना था कि जल्द ही विभागीय अफसरों से बातचीत की जाएगी। प्रदर्शन करने वालों में राजीव तोमर, अजय, गुड्डू, दीपक, देव, सोहन वीर, संदीप, राकेश, अमर दीप, सुभाष, धर्मेंद्र शामिल रहे।