बागपत में चकबंदी लेखपाल की परीक्षा रविवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच शांतिपूर्ण संपन्न हुई। इस दौरान चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। एक-एक अभ्यर्थी की सघन चेकिंग की गई। दस केंद्रों पर हुई आयोजित परीक्षा में 4932 में से 1783 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
चकबंदी लेखपाल की परीक्षा बागपत में दस केंद्रों पर सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक हुई। परीक्षा को पारदर्शी और नकल विहीन कराने के लिए प्रत्येक तीन केंद्रों पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट और प्रत्येक केंद्र पर एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहे। इसके अलावा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा।
परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास स्थित इलेक्ट्रानिक, मोबाइल और फोटो स्टेट की दुकानें बंद रही। खुफिया तंत्र भी पल-पल की जानकारी उच्चाधिकारियों को देते रहे। परीक्षा संपन्न कराने के लिए शासन से पहुंचे पर्यवेक्षक एमपी सिंह एवं समन्वयक पर्यवेक्षक डॉक्टर विपिन कुमार ने खेकड़ा और बागपत का निरीक्षण किया, जबकि अपर जिलाधिकारी राकेश कुमार मालपाणी एवं अपर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्र बड़ौत में डटे रहे।
समन्वयक ने बताया कि जिले में दस केंद्रों पर 4932 परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा आयोजित कराई गई थी। इनमें से 1783 ने परीक्षा छोड़ दी जबकि 3183 ने परीक्षा दी। परीक्षा के दौरान किसी भी केंद्र पर कोई नकलची नहीं पकड़ा गया।