बड़ौत (बागपत)। गर्मी का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन बड़ौत तहसील क्षेत्र के गांवों में सैकड़ों सरकारी हैंडपंप ठप पड़े हैं। लोग लगातार शिकायतें कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे लोगों में आक्रोश है।
बड़ौत तहसील क्षेत्र का एक भी गांव ऐसा नहीं है, जिसमें कोई हैंडपंप खराब न हो। अधिकांश गांवों के अलावा नगर में कई सरकारी हैंडपंप वर्षों से ठप पड़े हैं। लोग शिकायतें भी कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। नगर में भी दर्जनों हैंडपंप खराब हैं, जिस कारण इन हैंडपंपों से जुड़ी कालोनी व मोहल्ले के लोगों को परेशानी हो रही है। ग्राम प्रधान बरवाला उपेंद्र, प्रधान बिजरौल रविंद्र, छछरपुर प्रधान अनिल कुमार एडवोकेट ने बताया कि जल निगम के अधिकारियों से लेकर ब्लाक अफसरों तक शिकायत की जा चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द हैंडपंपों को ठीक नहीं कराया गया तो वे उग्र आंदोलन शुरू कर देगें। बीडीओ राहुल वर्मा का कहना था कि चुनाव में पूरा स्टाफ व्यस्त है, चुनाव के बाद ही खराब पड़े हैंडपंपों को ठीक कराया जाएगा।