सड़क दुर्घटना में युवक की मौत
सहारनपुर। देहात कोतवाली के ग्राम सरकड़ी में दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। लोगों ने दूसरे बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और परिजनों ने कार्रवाई कराने से इंकार कर दिया।
बुधवार सुबह देहात कोतवाली के ग्राम सरकड़ी निवासी शहबाज (27 वर्ष) पुत्र शहनवाज अपनी मोटरसाइकिल लेकर घर से किसी काम से निकला था। जब वह गांव से कुछ दूूरी पर पहुंचा तभी सामने से आ रही बाइक से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि शहबाज काफी दूर जा गिर और उसका सिर सड़क से टकरा गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दुर्घटना के बाद लोगों ने ग्राम दतौली निवासी दूसरे बाइक सवार युवक को पकड़ लिया। इसे देहात कोतवाली पुलिस को सौंप दिया। बाद में दोनों पक्षों में आपस में समझौता हो गया और परिजन शव को बिना कार्रवाई के ले गए। देहात कोतवाली प्रभारी पवन चौधरी का कहना है कि दोनों एक ही समुदाय के लोग हैं। दोनों में आपस में समझौता हो गया है। मृतक के परिजन बिना किसी कार्रवाई के ही शव को ले गए हैं।