सोनी इलेवन को हरा चैंपियन बनी एसबीबीए की टीम
सहारनपुर। भूतेश्वर इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित ऑल इंडिया ठाकुर देशपाल मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में सोन इलेविन को हराकर एसबीबीए की टीम विजेता बनी। एसबीबीए की टीम ने यह मैच 26 रन से जीता। समापन पर विजेता और उप विजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई।
सोनी इलेवन की टीम ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एसबीबीए की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट गवाकर 161 रन बनाए। विपिन ने 57, अनमोल ने 28 तथा पीके ने 24 रन का योगदान दिया। सोनी इलेवन के लिए बाबूराम ने तीन तथा आकिब और आकाश ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी सोनी इलेवन की पूरी टीम 17.5 ओवर में 135 रन बना सकी। इस प्रकार एसबीबीए की टीम 26 रन के अंतर से मुकाबला जीतकर प्रतियोगिता की चैंपियन बनी। शानू और अंकित ने तीन-तीन विकेट लिए। मैन ऑफ द मैच पीके तथा मैन ऑफ द सीरीज शुभम अग्रवाल को चुना गया। समापन पर मुख्य अतिथि रहे महापौर संजीव वालिया, भाजपा महानगर अध्यक्ष राकेश जैन, कार्तिक चौहान, ज्योति अग्रवाल, ललित, मानसिंह, नंदकिशोर शर्मा, अनिल मित्तल, संजय शर्मा आदि ने विजेता और उप विजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस मौके पर राजीव गोयल, रणधीर कपूर, नीरज गोयल, अवनीश सैनी, एसडीसीए के अध्यक्ष अमर गुप्ता, सचिव लतीफुर्रहमान, सत्यम शर्मा, साजिद उमर आदि मौजूद रहे।