बड़ौत (बागपत)।
विगत सात माह से मानदेय न मिलने के कारण पावर कारपोरेशन मेें संविदा पर लगे कंप्यूटर आपरेटरों और वन विभाग में तैनात संविदा कर्मचारियों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने विभागीय अफसरों से होली के त्योहार से पहले मानदेय दिलाने की मांग उठाई।
दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित पावर कारपोरेशन की मीटर परीक्षण कार्यशाला में कार्यरत संविदा कंप्यूटर आपरेटर अमित, वेदपाल सहित अन्य स्टाफ विगत सात माह से मानदेय के लिए तरस रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बाद भी उन्हें ठेकेदार मानदेय नहीं दे रहा हैं, इससे उन्हें आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। उनका कहना था कि इस बार उनकी होली फीकी रहेगी। उधर, एसई रामबीर सिंह ने कहा कि होली से पहले ही कंप्यूटर आपरेटरों को मानदेय दिला दिया जाएगा। ठेकेदार की मनमानी बर्दास्त नहीं होगी।
दूसरी तरफ वन विभाग में तैनात संविदा कर्मचारियों को भी विगत छह माह से मानदेय न मिलने के कारण भुखमरी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि मानदेय न मिलने के कारण परिवार का खर्च चला पाना भी मुश्किल हो रहा है। वहीं रेंजर राजपाल सिंह ने कहा बुधवार तक सभी को होली से पहले ही मानदेय दे दिया जाएगा। जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।