दोघट (बागपत)। आजमपुर मुलसम गांव में खाद के गड्ढों एवं सर्विस रोड पर हो रहे अतिक्रमण को एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स टीम ने हटवाया। टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। पुलिस ने ग्रामीणों को बल प्रयोग कर खदेड़ दिया।
आजमपुर मुलसम गांव में काफी समय से खाद के गड्ढों एवं सर्विस रोड़ पर कब्जा कर फसल बुवाई करने की शिकायत की जा रही थी। बृहस्पतिवार को एंटी भूमाफिया टास्क फोर्स टीम पुलिस बल को लेकर मौके पर पहुंची। टीम ने अतिक्रमण कर खाद के ंगड्ढों की जमीन पर बुवाई की गई गेहूं और गन्ने की खड़ी फसल को नष्ट कराया। टीम का कुछ लोगों ने विरोध करना चाहा, पुलिस ने संबंधित लोगों को भगाया। टीम प्रभारी कानूनगो कल्लू सिंह ने बताया कि खाद के गड्ढों की चार हजार वर्ग मीटर जमीन खाली कराई। टीम में लेखपाल कृष्णपाल शर्मा, सहेंद्र पाल सिंह, सत्यवीर सैनी, मोहम्मद ताहिर आदि रहे।