राजकीय बीज भंडार पर किसानों का हंगामा
बड़ौत। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित राजकीय बीज भंडार पर शुक्रवार को एडीओ कृषि के न मिलने पर बड़ौली गांव के किसानों ने हंगामा किया और विभागीय कर्मचारियों पर शासन द्वारा संचालित योजना की जानकारी न देने का आरोप लगाया।
किसानों ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए कृषि संबंधी कई योजनाएं संचालित की हैं। पिछले कई साल से उन्हें नियमित रूप से योजनाओं की जानकारी मिलती रही है। लेकिन अब काफी समय से उन्हें न तो बीज भंडार पर किसी योजना की जानकारी मिलती है और न ही अधिकारी मिलते हैं। आरोप लगाया कि बीज भंडार पर तैनात अधिकारी और कर्मचारी खानापूर्ति कर गोदाम पर समय व्यतीत कर थोड़ी देर में ही चले जाते हैं। इस कारण बीज गोदाम पर आने वाले किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान कराएं जाने की मांग उठायी।
इस मामले में एडीओ कृषि तेजपाल चौहान ने कहा कि बीज गोदाम पर आने वाले प्रत्येक किसान को शासन से संचालित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। योजनाओं का क्षेत्र के गांवों में प्रचार-प्रसार कराया जा रहा है। साथ ही विभागीय कर्मचारियों को योजना के प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। कहा कि गोदाम इंचार्ज नोरंग हर समय गोदाम पर रहते हैं। हंगामा करने वालों मेें अंकित, सुभाष, दीपक, सचिन, राहुल, चिंटू, अनिल शामिल रहे।