रमाला (बागपत)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, रमाला में न बिजली की व्यवस्था है और न ही पीने के पानी की। गर्मी में मरीजों को परेशानी हो रही है। विभागीय अफसर इस तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का खामियाजा मरीज ही नहीं बल्कि चिकित्सकों को भी भुगतना पड़ रहा है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की कोई व्यवस्था नहीं है। भीषण गर्मी में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को परेशानी होती है। चिकित्सक भी बिना पंखे के ही गर्मी में इलाज करने को मजबूर हैं। अस्पताल में पीने के पानी की भी कोई व्यवस्था नहीं की गई है। मरीज और तिमारदार पानी के लिए इधर-उधर भटकते रहते हैं। साफ-सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया जाता है।
तीमारदार शहजाद, इकबाल, नरेंद्र, विजय आदि ने कहा अस्पताल में कोई व्यवस्था नहीं है। गर्मी में मरीजों को बिना हवा के बैठा रहना पड़ता है। उन्होंने कई आर विभागीय अफसरों से शिकायत भी की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। विभाग गहरी नींद सोया है। फार्मेसिस्ट सुरेंद्र कुमार ने बताया कि विभाग को समस्या से अवगत कराया जा चुका है। विधायक सहेंद्र सिंह रमाला ने बिजली की व्यवस्था कराई है। बिजली फीटिंग होनी है।