बागपत। अध्यापकों के प्रकरणों का समाधान न करने पर माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस का घेराव किया। उनके साथ नोकझोंक हुई। नारेबाजी करते हुए हंगामा काटा। चेतावनी दी कि कार्रवाई न करने पर इसके परिणाम भुगतने होंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक दफ्तर पर बृहस्पतिवार को माध्यमिक शिक्षक संघ के अध्यापक एकत्र हुए। जिला मंत्री वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। डीआईओएस पीके मिश्रा के देरी से पहुंचने पर हंगामा किया। उनका आरोप था कि सेवा निवृत्त होने वाले शिक्षकों की पेंशन और जीपीएफ पत्रावलियों पर हस्ताक्षर नहीं किए जा रहे हैं, जबकि लखनऊ के शिक्षा निदेशक कई बार आदेशित कर चुके है। नई पेंशन योजना हेतु सरकारी अंशदान के लिए चार करोड़ का अनुदान आ चुका है, लेकिन इसे शिक्षकों के खाते में नहीं भेजा जा रहा है। माह फरवरी के वेतन बिलों को अनावश्यक लटकाया जा रहा है। तीन वर्षों की बोर्ड ड्यूटी का भुगतान नहीं किया गया।
शिक्षकों का हंगामा बढ़ा तो दोपहर में डीआईओएस पीके मिश्रा पहुंचे। सभी ने उनका घेराव किया और अपनी मांगों से अवगत कराया। डीआईओएस ने घेराव के बीच ही फरवरी के वेतन अनुदान बिलों पर हस्ताक्षर किए। नई पेंशन योजना से संबंधित समस्त धनराशि को 15 मार्च तक शिक्षकों के खातों में भिजवाने का लिखित रूप से आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष बल्लभ सिंह शर्मा, मीडिया प्रभारी अजयराज शर्मा, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष राममोहन भारद्वाज, संरक्षक इंद्रपाल सिंह, राजेंद्र शर्मा, पंकज शर्मा, कृष्णपाल सिंह, ओंकारदत्त शर्मा, घनश्याम, राजकुमार, नवीन कुमार, सुखपाल सिंह, मनोज कुमार, रविदत्त शर्मा मौजूद रहे।