जेई के हमलारोपियों की गिरफ्तारी न होने पर निगम कर्मी उग्र
बड़ौत (बागपत)। धनौरा टीकरी गांव में कनेक्शन जोड़ने पहुंचे अवर अभियंता पर कुछ लोगों द्वारा हमला कर घायल करने के मामले में शनिवार को दूसरे दिन भी निगम के कर्मचारियों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे स्थित 132 केवीए बिजलीघर में हंगामा कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित कर्मचारियों ने नगर सहित ग्रामीण आंचल की सप्लाई बंद कराकर हड़ताल जारी रखी। इससे बिजली को लेकर हाहाकार मच गया। सूचना पर पहुंचे एसई बागपत ने आंदोलनकारियों को समझा कर हड़ताल से उठाया और डीएम से मिलकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। कर्मचारियों ने मंगलवार तक गिरफ्तारी न होने पर जनपद की सप्लाई ठप कर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी।
शनिवार को दूसरे दिन विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर, जिला मंत्री सुरेंद्र तोमर और उत्तर प्रदेश जूनियर इंजीनियर संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह के संयुक्त नेतृत्व में सैकड़ों कर्मचारी 132केवीए बिजलीघर पहुंचे और सप्लाई ठप कराकर हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने कहा आए दिन निगम के कर्मचारियों पर लोगों द्वारा हमले किए जा रहे हैं। सरकारी कार्यों में बाधा डालकर निगम के कर्मचारियों के साथ अभद्रता की जा रही है। लेकिन पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बना है। इसको अब बर्दास्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान सप्लाई ठप होने से हाहाकार मच गया।
गहराते विद्युत संकट को देखकर एसई रामवीर सिंह आंदोलनकारी कर्मचारियों के बीच पहुंचे। संगठन के पदाधिकारियों ने एसई से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग उठाई। एसई रामवीर सिंह ने डीएम से वार्ता कर आरोपियों की गिरफ्तारी कराने का आश्वासन दिया। विद्युत मजदूर पंचायत के जिलाध्यक्ष मनोहर सिंह तोमर और इंजीनियर संगठन के जिलाध्यक्ष इंद्र पाल ने बताया डीएम और एसई को मंगलवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी का समय दिया है। यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो दोबारा से जनपद की सप्लाई ठप कर अनिश्चित कालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
एसई रामबीर सिंह ने कहा फिलहाल हड़ताल समाप्त हो गई है और कर्मचारी कार्य में जुट गए हैं। इस अवसर पर इंद्रपाल सिंह, सुरेंद्र तोमर, पवन कुमार, प्रमोद मलिक, उमेश, आलोक, संजीव, कंवर पाल, रविंद्र, प्रदीप, संदीप जेई, राजेंद्र सिंह, एसडीओ अनिल, अंकुर, सुनील, ग्यासुदीन, धर्मपाल, खलील, आरिफ, संजीव तोमर, सुखदेव पंवार, सतेंद्र पंवार, सोमपाल, इमरान, आलोक आदि रहे।