बागपत। जिले में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन इधर-उधर घूमकर लौटे 55 लोगों की स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। समस-समय पर विभाग की टीम इन लोगों से संपर्क कर परिजनों को इनसे उचित दूरी बनाए रखने एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रही है।
जिले में अभी तक 31 ऐसे लोग मिले हैं, जो विभिन्न पर्यटक स्थलों से लौटे या विदेश यात्रा से आए। इनमें से चार लोगों के सैंपल भरकर लखनऊ लैब में भेजे गए थे, जिनकी रिपोर्ट निगेटिव आई थी। इसके अतिरिक्त 12 मरीजों को जिले में ही 28 दिनों तक निगरानी में रखा गया था। जिले में अभी भी 16 लोग ऐसे हैं, जिनकी स्वास्थ्य विभाग निगरानी कर रहा है। सीएमओ डाक्टर आरके टंडन ने बताया कि जिले में अब तक 31 लोगों की लिस्ट तैयार कराई गई है। इनमें से 15 मरीजों को क्लीन चिट मिल चुकी है, जबकि अन्य की निगरानी की जा रही है। विभाग की टीम इन लोगों से लगातार संपर्क बनाए हुए है। अभी तक जिले मेें किसी भी मरीज में कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रामा सेंटर में बनेगा आइसोलेशन वार्ड
फोटो संख्या - 2 यू
बागपत। सीएमओ डाक्टर आरके टंडन ने बताया कि जिला अस्पताल का ट्रामा सेंटर को आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए चिह्नित किया गया है। एक और बिल्डिंग को आइसोलेशन वार्ड बनाने के लिए तलाश किया जा रहा है। सोमवार को ट्रामा सेंटर में सफाई कराकर आइसोलेशन वार्ड स्थापित कर दिया जाएगा।
आशा ने घर-घर जाकर किया कोरोना के प्रति जागरूक
बागपत। शनिवार को सरूरपुर गांव में आशा रचना शर्मा, सविता देवी, मुकेश देवी, रेखा जैन ने घर-घर जाकर लोगों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया तथा उन्हें सफाई संबंधी जानकारी दी। आशाओं ने लोगों को कोई भी लक्षण दिखने पर तुरंत स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने की सलाह दी।
जेल में बंदियों को भी किया जा रहा जागरूक
बागपत। जेल अधीक्षक सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि बंदियों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्हें साबुन से हाथ धोने, छींकते व खांसते समय मुंह पर रुमाल रखने एवं स्वच्छता बरतने की सलाह दी जा रही है।