बागपत/बड़ौत/खेकड़ा। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण के 16 नए मामले मिले हैं। बड़ौत में पांच कोरोना पॉजिटिव केस मिले। खेकड़ा में मेडिकल स्टोर संचालक संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्वे और सैनिटाइज अभियान चलाया।
बिजरौल गांव से एक, बड़ौत के ठाकुर द्वारा से एक बच्चा, रामबाग कॉलोनी से एक व बड़ा जैन मंदिर के पास से दो कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विजय कुमार के नेतृत्व में छह टीमों ने बिजरौल गांव सहित नगरीय क्षेत्र के अलग-अलग मोहल्ले में सर्वे कार्य कर 140 लोगों को होम क्वारंटीन कर दिया है, जबकि 44 लोगों के सैंपल लिए गए है। पत्थर मंडी पूरी तरह से सील कर दी गई और इस पर किसी भी प्रकार की आवाजाही पर पूर्णरूप से प्रतिबंध लगाया गया। इस एरिया में स्थित कैनरा व यूनियन बैंक शाखा को भी बंद कर दिया गया है। दोनों बैंकों पर जिला प्रशासन द्वारा बंदी का नोटिस चस्पा कर दिया गया है। खेकड़ा नगर निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना संक्रमित मरीज को इलाज के लिए नगर स्थित कोविड अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल स्टोर से दवाइयां लेने वाले लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। कोविड अस्पताल खेकड़ा के प्रभारी चिकित्सक डॉ. ताहिर का कहना है कि जांच रिपोर्ट में खेकड़ा निवासी एक मेडिकल स्टोर संचालक संक्रमित मिला है। उसे इलाज के लिए नगर के कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।