बागपत। गांवों में विकास कार्यों पर खर्च होने वाली धनराशि का अब ऑनलाइन रिकॉर्ड रहेगा। भुगतान को विभागीय अधिकारी सॉफ्टवेयर के माध्यम से जांच कर सकेंगे। इसके लिए सभी ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव के डिजिटल सिग्नेचर तैयार कराए जा रहे हैं। जिले में अब तक 197 सिग्नेचर तैयार हो चुके हैं। प्रदेश में पहले नंबर पर है।
विभिन्न विभागों के कार्य ऑनलाइन कराए जा रहे हैं। अब जिले की हर ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों पर खर्च होने वाली धनराशि का लेन-देन भी डिजिटल होने जा रहा है। इसके लिए ग्राम सचिव और प्रधान के डिजिटल सिग्नेचर तैयार कराए जा रहे हैं। डिजिटल सिग्नेचर से ही धनराशि का रिकॉर्ड ऑनलाइन दर्ज होगा। सीडीओ पीसी जायसवाल ने बताया कि जिले में 197 ग्राम प्रधान और ग्राम सचिवों के डिजिटल सिग्नेचर तैयार कराए जा चुके हैं। इस कार्य में बागपत जनपद प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। कई जिले ऐसे हैं, जहां पर बहुत कम संख्या में यह कार्य हो पाया है। सीडीओ ने बताया कि पूरी व्यवस्था अब डिजिटल हो रही है तो ग्राम पंचायतों में भी इसे लागू कराया जा रहा है। ऑनलाइन व्यवस्था से खर्च होने वाली धनराशि को पूरा हिसाब ऑनलाइन दर्ज होगा। इसमें किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होगी।
डीपीआरओ आलोक शर्मा ने कहा कि सभी ग्राम प्रधान और ग्राम सचिवों को निर्देशित कर दिया है। 490 में से 197 ने डिजिटल सिग्नेचर बनवा लिए है। बाकी भी इस कार्य में जुटे हैं।