बागपत। कलक्ट्रेट में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सर्विस रोड और ढिकौली-बंथला मार्ग पर कट की मांग को लेकर चल रही भूख हड़ताल सोमवार को समाप्त हो गई। एडीएम ने आश्वासन दिया। वहीं कार्रवाई न होने पर एक्सप्रेस-वे पर ही अनशन करने की चेतावनी दी गई।
कलक्ट्रेट में भारतीय नौजवान इंकलाब पार्टी के जिलाध्यक्ष प्रमोद गोस्वामी और सतवीर गिरि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे पर सर्विस रोड और ढिकौली-बंथला मार्ग पर कट की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे थे। सोमवार को एडीएम अनिल कुमार मिश्रा एवं एनएचएआई के मैनेजर धरनारत लोगों के बीच पहुंचे। घंटों तक उनके बीच बैठक चली। निर्णय हुआ की उनकी मांग को उच्चाधिकारियों के बीच रखा जाएगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। प्रशासन ने 20 दिन का समय मांगा है। प्रमोद गोस्वामी और सतवीर गिरि ने कहा कि 20 दिन के अंदर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वह ढिकौली-बंथला मार्ग स्थित एक्सप्रेस-वे पर अनिश्चित कालीन अनशन शुरू कर देंगे। उन्होंने कहा कि हमारा मकसद केवल क्षेत्र का विकास करना है। मनुपाल बंसल और गन्ना समिति के चेयरमैन कृष्णपाल सिंह ने कहा कि मांग पूरी नहीं होती है तो अबकी बार ग्रामीणों की भारी संख्या के साथ आंदोलन किया जाएगा।