बड़ौत (बागपत)। नगर की पंचवटी गोशाला मेें फैली अनियमितता को लेकर रविवार को स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं की बैठक दिल्ली रोड स्थित भारती फास्ट फूड पर हुई। इसमें सोमवार को डीएम से मिलने का निर्णय लिया।
इस बैठक की अध्यक्षता मंच के जिलाध्यक्ष मनु तिवारी ने की। संचालन संदीप बड़ौली ने किया। इसमें मंच के जिलाध्यक्ष मनु तिवारी ने कहा कि पंचवटी गोशाला मेें भीषण गर्मी से गोवंश परेशान हैं, वहां पर गोवंश के लिए सुरक्षा का कोई प्रबंधन नहीं है। अब तक कई गोवंश की देखरेख के अभाव में मौत हो चुकी है। आरोप लगाया कि गोशाला में मौजूद लोग केवल दुधारू गोवंश का ध्यान रखते हैं, जो गोवंश दुधारू नहीं है, उन्हें गोशाला से बाहर निकाल दिया जाता है। इस कारण भूख व प्यास के चलते गोवंश अकाल मौत मर रहे हैं। गोशाला संचालक प्रतिदिन दूध निकालकर हजारों रुपयों का बेच देते हैं। उन रुपयों से यदि गोशाला संचालक चाहे तो बछड़ों व अन्य सांड़ के लिए चारे की व्यवस्था कर सकते हैं, लेकिन चारे की व्यवस्था करने के बजाए गोशाला संचालक अपनी जेब गर्म कर रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने सोमवार को डीएम से मिलने का निर्णय लिया। इसमेें बंटी प्रमुख, संदीप बड़ौली, वरुण सिसौदिया, सचिन आदि रहे।