बागपत। द मिलियन फार्मर स्कूल (किसान पाठशाला) का जिले के 46 न्याय पंचायतों में शुभारंभ हुआ। प्राथमिक पाठशालाओं में दो घंटों की किसानों की क्लास चली। पहले दिन उन्हें कृषि से संबंधित विभिन्न जानकारियां दी गई। कृषि विशेषज्ञ और कृषि विभाग के अधिकारियों को पाठशाला में जानकारी देने के लिए जिम्मेदारी दी। अलावलपुर में बड़ौत विधायक केपी मलिक ने किसानों को योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
सोमवार से किसानों की पाठशाला का आयोजन 46 न्याय पंचायतों में किया गया है। दो घंटे चली इस कक्षा में किसानों को कृषि का पाठ पढ़ाया। अलावलपुर गांव में बड़ौत विधायक केपी मलिक पहुंचे। यहां उन्होंने कृषकों को केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। सभी से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया गया। सहीं कृषकों को जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया है। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि किसानों को भूमि प्रबंध, खरीफ फसलोत्पादन, फसल, प्रजातियां एवं प्रभावी तरीके बताए। धान के नर्सरी की तैयारी करने जानकारी दी। किसानों को जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया। सजीव प्रदर्शन वेस्ट डीकंपोजर का प्रयोग और कंपोस्ट स्ट्रक्चर के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि कृषि विविधिकरण के तहत गन्ना, उद्यान, पशु पालन एवं मत्स्य, कृषि विभाग की योजना एवं कृषकों को दी जा रही सुविधाएं के बारे में बताया गया। वहीं उन्होंने कृषकों को नकली और मिलावटी उर्वरकों की पहचान करने के तरीके बताए । सभी कृषकों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूर्यप्रताप सिंह ने भी किसानों को फसलों में लगने वाले रोग और कीटों की पहचान कराई। साथ ही इससे होने वाले नुकसान से अवगत कराया। रोग और कीट से बचाव और तरीके बताए।
खेतों में गोबर की खाद डाले किसान
दोघट (बागपत)।
प्राथमिक विद्यालय कांहड़ में किसान पाठशाला का आयोजन हुआ। इसमें कृषि विभाग की टीम ने किसानों को खरीफ की फसल की जानकारी दी।
किसान पाठशाला में सहायक विकास अधिकारी सत्यपाल सिंह ने बताया कि किसान इस समय खरीफ की फसल की तैयारी में लगा हुआ है। इसके लिए सर्वप्रथम किसान अपने खेत की मिट्टी की जांच अवश्य करा ले। किसान धान की फसल की बुआई की तैयारी भी कर रहा है। धान के अच्छे बीज की नर्सरी तैयार करें तथा उसमें जैविक खाद का प्रयोग करे। जमीन में गोबर की खाद अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। इससे जमीन में ताकत बनती है तथा पैदावार भी बढ़ती है। कृषि तकनीकी सहायक नीरज सिंह, गन्ना पर्यवेक्षक अजय कुमार, नरेंद्र सिंह, जितेंद्र कुमार, ओमवीर, बाबूराम, राकेश देवी, श्याम सिंह, राजेंद्र, अनिल, राजीव, दीपक, राजकुमार किसान मौजूद रहे।