खेकड़ा (बागपत)। शहर में डूंडाहेड़ा मार्ग पर बनकर तैैयार फायर स्टेशन के उद्घाटन को लेकर एसपी बागपत ने औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और फायर स्टेशन के एफएसएसओ को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डूंडाहेड़ा मार्ग पर छह वर्ष पूर्व करोड़ों रुपये की लागत से फायर स्टेशन के भवन का निर्माण कराया गया था। इसके बाद से ही फायर स्टेशन का भवन उद्घाटन की बाट जोह रहा था। हालांकि चार माह पूर्व फायर स्टेशन को चालू कर फायरकर्मी उच्चाधिकारियों के निर्देश के चलते फायर स्टेशन में रहने लगे लेकिन न तो अभी तक फायर स्टेशन हैंडओवर हुआ है और न ही इसका उद्घाटन किया गया।
बृहस्पतिवार को एसपी शैलेष कुमार पांडे फायर स्टेशन का औचक निरीक्षण करने पहुुंचे। उन्होंने फायर स्टेशन में साफ-सफाई, कलई पेंट, पेयजल आदि की व्यवस्थाएं देखी। उन्होंने फायर स्टेशन के एफएसएसओ दासी सिंह से पुलिसकर्मियों की संख्या के बारे में जानकारी ली। उन्होंने फायर स्टेशन के भवन को अविलंब हैंडओवर कराने के एफएसएसओ को निर्देश दिए। एसपी शैलेष कुमार पांडे ने बताया कि 11 जून को फायर स्टेशन का डीजीपी उत्तर प्रदेश के कर कमलों द्वारा उद्घाटन किया जाएगा। इसे लेकर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं।