बागपत। जिले में ईद-उल-फितर के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील व अतिसंवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। नमाज के दौरान ईदगाहों व मस्जिदों पर भारी पुलिस तैनात रहेगी। अधिक संख्या वाले स्थानों पर नमाज से पहले बैरियर लगाकर मार्ग बंद कर दिया जाएगा।
एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि जिले में 67 ईदगाहों एवं 263 मस्जिदों में ईद की नमाज होती है। अधिक संख्या वाले स्थानों पर नमाज से पहले बैरियर लगाकर मार्ग बंद कर दिया जाएगा। इन मार्ग से केवल नमाज पढ़ने वालों को भेजा जाएगा। मंगलवार को मुख्य ईदगाहों पर पुलिस अफसरों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि बड़ौत, बागपत, रटौल, बरनावा, असारा, बिचौलपुरा को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। यहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मी ड्यूटी करेंगे। असामाजिक तत्वों पर पुलिस कड़ी नजर रखेगी। यदि किसी ने भी गड़बड़ी करने की कोशिश की तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि किसी प्रकार की अफवाह नहीं फैलने दें। वहीं खुफिया विभाग भी सक्रिय हो गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है। ईदगाह स्थलों के आसपास भी मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की तैयारी है।
पुलिस अफसरों ने पैदल मार्च निकाला
बागपत। ईद के मद्देनजर पुलिस के तमाम अफसर सड़कों पर उतरे। उन्होंने पैदल मार्च कर शहर व गांवों का हाल जाना और सुरक्षा इंतजामों को परखा। रास्ते में कई जगह संदिग्ध लोगों को भी चेक किया। एसपी शैलेष कुमार पांडेय, एएसपी रण विजय सिंह के अलावा बागपत, बड़ौत, खेकड़ा व रमाला सर्किल के क्षेेत्राधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से सौहार्दपूर्ण वातावरण में ईद मनाने का आह्वान किया।