बागपत। किसान सेवा रथ के माध्यम से कृषकों को फसलोत्पादन की जानकारी दी जाएगी। कृषि विभाग की ओर से तैयार की गई फिल्म से सभी विभागों की योजनाओं को बताया जाएगा। कृषि विभाग की ओर से कार्यक्रम के लिए जिले के 14 गांवों का चयन किया गया है। इसके लिए अधिकारी और कर्मचारियों की नियुक्ति कर दी गई है।
किसानों की आय में वृद्धि हो, इसके लिए सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। अधिक फसलों की पैदावार के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। वहीं जैविक खेती के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। सरकार ने पहले वैज्ञानिकों की बात किसानों के साथ कार्यक्रम चार जून को निर्धारित किया है। वहीं अब किसान सेवा रथ कार्यक्रम संचालित कर दिया गया है। इसके तहत छह से नौ बजे तक बड़े प्रोजेक्टर पर खेती से संबंधित फिल्म किसानों को दिखाई जाएगी, जिसमें फसलोत्पादन से संबंधित विभिन्न विधियों से किसानों को बताया जाएगा। अन्य विभागों की योजनाएं भी बताएंगे। उप कृषि निदेशक प्रशांत कुमार ने बताया कि कार्यक्रम के लिए 14 गांवों का चयन किया गया है, जिसमें डौला, मीतली, पाली, सुल्तानपुर हटाना, फैजुल्लापुर, काठा, लुहारी, मलकपुर, सिनौली, चांदनहेड़ी, हलालपुर, तिलवाड़ा, रंछाड़, बिनौली शामिल हैं। यहां पर पर्यवेक्षक और अन्य कर्मचारियों की नियुक्तियां कर दी गई है।