सूर्य नमस्कार और जूडो कराटे का अभ्यास कराया
बड़ौत। जिला आर्य प्रति सभा बागपत की ओर से चौधरी केहर दिव्या पब्लिक स्कूल में आयोजित किए जा रहे योग एवं चरित्र निर्माण शिविर के दूसरे दिन बालकों को सूर्य नमस्कार और जूडो कराटे का अभ्यास कराया गया।
बौद्धिक कक्षा में राजेंद्र आर्य ने ऋषि दयानंद के जीवन पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि जिस समय इनका जन्म हुआ तब देश में बहुत ज्यादा दरिद्रता थी। पहनने के लिए वस्त्रों का तो कहना ही क्या खाने तक के लाले पड़े थे। घोर अज्ञानता का वातावरण था। इन कारणों से देश में बहुत सी कुरीतियां जन्म ले चुकी थी। देश जातिवाद, छुआछूत, पर्दा प्रथा, बाल विवाह, बेमेल विवाह, सती प्रथा आदि अनेक कुप्रथाओं के जाल में फंसकर इस जकड़ा हुआ था कि इससे निकलने का कोई मार्ग दिखाई नहीं देता था। ऐसे में ऋषि दयानंद ने समाज सुधार की दिशा में बड़ा काम किया। उनके योगदान को हम भुला नहीं सकते। शिविर में सभा मंत्री रिपुदमन सिंह, अशोक प्रबोध आर्य, यशपाल आर्य, कपिल आर्य, चंद्रपाल आर्य, आचार्य धर्मवीर आर्य, रवि शास्त्री आदि उपस्थित रहे।